Bihar news: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के केंद्रीय प्रभारी अनिल कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज आरा के लहरपा गांव पहुंचकर गोलीबारी में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाते हुए न्याय के लिए हर स्तर पर संघर्ष का भरोसा दिया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश महासचिव संजय मंडल, जिलाध्यक्ष रविंद्र राम, सेवथा पंचायत मुखिया गजेंद्र यादव, जीवनेश्वर जिज्ञासु, जनार्दन राम, महावीर यादव, दीपक राजा, बबलू यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

“हत्या नहीं, नरसंहार हुआ है” — अनिल कुमार का आरोप
पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अनिल कुमार ने इस घटना को “हत्या नहीं, बल्कि नरसंहार” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन मामले में घोर लापरवाही बरत रहा है। उन्होंने कहा कि:
- अब तक थानाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार से मुलाकात तक नहीं की है।
- पीड़ितों को कोई सुरक्षा नहीं मिली, जबकि आरोपियों के परिवार को पुलिस सुरक्षा दी जा रही है।
- पीड़ित परिवारों को अब तक कोई आर्थिक सहायता नहीं दी गई है।
अनिल कुमार ने मांग की कि संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार पर तीखा हमला
इससे पहले आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अनिल कुमार ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल “जाम विवाद” नहीं, बल्कि शोषित और वंचित वर्गों को निशाना बनाकर रची गई सुनियोजित साजिश है।
उन्होंने कहा कि:
- गोलीबारी में 7-8 लोगों को निशाना बनाना लोकतंत्र और कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।
- बिहार में दलित, पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों को दबाने की सुनियोजित कोशिश हो रही है।
- माफिया, सामंतवादी और मनुवादी ताकतों ने सत्ता पर कब्जा कर लिया है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
अनिल कुमार ने चेतावनी दी कि अगर पीड़ित परिवारों को न्याय और मुआवजा नहीं मिला, तो बहन मायावती के निर्देश पर बहुजन समाज पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगी।
“महाजंगलराज” का आरोप
उन्होंने कहा, “जिन्होंने बिहार को जंगलराज से बचाने का वादा किया था, वही आज राज्य को महाजंगलराज में धकेल रहे हैं। अगर जल्द से जल्द दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता का लोकतंत्र से विश्वास उठता चला जाएगा।”