Bhojpur news | शहजाद आलम |जन सुराज द्वारा आगामी 11 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में आयोजित की जा रही ‘बिहार बदलाव रैली’ को लेकर भोजपुर जिले में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को आरा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भोजपुर जिला अध्यक्ष अभय सिंह ने जानकारी दी कि जिले से करीब 40,000 समर्थक इस ऐतिहासिक रैली में शामिल होने के लिए पटना रवाना होंगे।

उन्होंने बताया कि रैली का उद्देश्य केवल भीड़ जुटाना नहीं, बल्कि बिहार की ज्वलंत समस्याओं के खिलाफ एक निर्णायक जन-आंदोलन की शुरुआत करना है। उन्होंने कहा, “बिहार के लोग वर्षों से बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, खराब शिक्षा व्यवस्था और पलायन जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। यह रैली इन मुद्दों पर सरकार को आईना दिखाने और विकल्प प्रस्तुत करने की दिशा में पहला ठोस कदम है।”

प्रेस वार्ता में जिला महिला अध्यक्ष पदमा ओझा ने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा, “बिहार बदलाव रैली केवल राजनीतिक आयोजन नहीं है, यह एक जन-जागरण का स्वरूप ले चुका है। महिलाएं इस आंदोलन में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। बदलाव की इस आवाज़ में हमारी भागीदारी ऐतिहासिक होगी।”
‘बिहार बदलाव रैली’ के प्रमुख मुद्दे:
- शिक्षा में सुधार और बार-बार हो रहे पेपर लीक की रोकथाम।
- राज्य में बेरोजगारी की गंभीर स्थिति और युवाओं के लगातार पलायन का हल।
- बढ़ते अपराधों और गिरती कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण।
- राजनीतिक परिवारवाद और जातिवादी राजनीति का विरोध।
- स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था में सुधार।
- भू-सर्वेक्षण और स्मार्ट मीटरिंग में व्याप्त भ्रष्टाचार का विरोध।
- प्रशासनिक भ्रष्टाचार और अफसरशाही पर नकेल कसना।
- शराबबंदी से उत्पन्न सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की समीक्षा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित नगर अध्यक्ष राहुल सिंह, जिला अभियान समिति संयोजक चंद्रभानु गुप्ता, जिला युवा अध्यक्ष सोनू पासवान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धनजी सिंह समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि यह रैली बिहार की राजनीतिक दिशा बदलने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि जन सुराज अब एक राजनीतिक विकल्प नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन का जन आंदोलन बन चुका है।

अभय सिंह ने बताया कि रैली की सफलता के लिए प्रत्येक प्रखंड और पंचायत स्तर पर बैठकें, जनसंपर्क अभियान और वाहनों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जा चुकी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस रैली में किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि सभी समुदायों, उम्र के लोगों और विशेषकर युवाओं की निर्णायक भागीदारी होगी।
‘बिहार बदलाव रैली’ के माध्यम से जन सुराज बिहार के नागरिकों को एकजुट कर संविधान आधारित, पारदर्शी और जवाबदेह शासन की दिशा में एक नई शुरुआत करने जा रहा है।
यह रैली न केवल एक मंच है, बल्कि बिहार के भविष्य को पुनर्परिभाषित करने का संकल्प है।