Bihar News : (शहजाद आलम) । राष्ट्रीय कुंवर वाहिनी के तत्वावधान में 24 अप्रैल 2025 को आरा के नागरी प्रचारिणी सभागार में ‘वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं।
वीर कुंवर सिंह की वीरगाथा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय कुंवर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज कुमार सिंह उर्फ लव जी ने बताया कि यह संगठन पूरी तरह सामाजिक है और इसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है। इस मंच के माध्यम से 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के महानायक वीर कुंवर सिंह की देशभक्ति और शौर्यगाथा को जन-जन तक पहुंचाना मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि वीर कुंवर सिंह ने अपने पराक्रम और युद्ध कौशल से अंग्रेजों की आधुनिक सेना को परास्त किया था। मात्र लाठी, डंडे और तलवार के बल पर उन्होंने ब्रिटिश सेना से नौ महीने तक लगातार 15 युद्ध लड़े और हर बार विजयी हुए।
80 वर्ष की उम्र में भी दिखाया अद्वितीय साहस
धीरज कुमार सिंह ने कहा कि वीर कुंवर सिंह जैसे महान योद्धा विरले ही मिलते हैं। जब एक युद्ध के दौरान उन्हें अंग्रेजों की गोली लगी, तो उन्होंने अपनी बांह को स्वयं काटकर त्याग दिया, ताकि ज़हर पूरे शरीर में न फैले। 80 वर्ष की आयु में भी उन्होंने जो पराक्रम दिखाया, वह इतिहास में अमर है।

आज की पीढ़ी को वीर योद्धाओं से प्रेरणा लेने की जरूरत
उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि आज की पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास और महान योद्धाओं के योगदान को भूलती जा रही है। हमें जाति-धर्म और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर वीर कुंवर सिंह जैसे राष्ट्रभक्तों की गाथा को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए। यदि हम संगठित होकर कार्य करें, तो वीर कुंवर सिंह की विरासत को विश्व पटल पर लाने में सफल होंगे।
वीर कुंवर सिंह के सम्मान में विशेष आयोजन
उन्होंने कहा कि अन्य महान विभूतियों की जयंती और पुण्यतिथि मनाई जाती है, लेकिन वीर कुंवर सिंह के सम्मान में ‘विजयोत्सव’ मनाया जाता है। यह आयोजन वीर कुंवर सिंह के अद्वितीय साहस और उनकी अमर गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास है।
आगामी 24 अप्रैल को आयोजित होने वाले इस विजयोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन सक्रिय रूप से जनसंपर्क अभियान चला रहा है।