बिहार के बेगूसराय स्थित मक्का अनुसंधान एवं बीज उत्पादन केंद्र को कर्नाटक शिफ्ट किए जाने के फैसले पर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस निर्णय का कड़ा विरोध करते हुए इसे बिहार और किसानों के खिलाफ साजिश करार दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा सवाल किया कि आखिर बिहार और बिहार के किसानों से क्या समस्या है?
तेजस्वी यादव ने केंद्र पर किया हमला
तेजस्वी यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के उस आदेश की कॉपी साझा की है, जिसमें बेगूसराय स्थित क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान एवं बीज उत्पादन केंद्र को कर्नाटक के शिवमोग्गा स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने इसे किसान विरोधी और बिहार विरोधी फैसला बताया।
आखिर बिहार और बिहार के किसानों से क्या दिक्कत है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, NDA और भाजपा को?
भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान (आईआईएमआर) के बेगूसराय स्थित क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान एवं बीज उत्पादन केंद्र को नरेंद्र मोदी सरकार ने कर्नाटक के शिवमोग्गा में स्थानांतरित करने का… pic.twitter.com/qA1bMlz8KI
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) March 17, 2025
राजद नेता ने कहा कि बिहार के किसान विपरीत परिस्थितियों में भी मक्का उत्पादन में देश में अव्वल हैं। पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया और समस्तीपुर जैसे जिलों के किसान मक्का की खेती से अपनी आजीविका चलाते हैं। ऐसे में बेगूसराय से इस केंद्र का स्थानांतरण सीधे तौर पर किसानों के हितों पर चोट है।